दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर 20, 23 और 25 अक्तूबर को लागू रहेगी बंदी
बस्ती। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन को देखते हुए जिले में अलग-अलग तिथियों पर शराब की दुकानें और बार बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने संबंधित क्षेत्रों में निर्धारित तिथियों पर शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला सूचना कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार, 20 अक्तूबर को दशहरा के अवसर पर ग्रामीण और नगर पंचायत क्षेत्रों में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान देशी शराब, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, ताड़ी की दुकानों और सभी बार बंद रहेंगे।
इसी तरह 23 अक्तूबर को विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर जिले में संबंधित थोक और फुटकर शराब की दुकानों, कंपोजिट शॉप, मॉडल शॉप, ताड़ी की दुकानों और बार को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसका उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के साथ लोक शांति बनाए रखना है।
वहीं, 25 अक्तूबर को पूर्णिमा के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर शहरी क्षेत्र, नगर पालिका क्षेत्र, नगर पंचायत रुधौली और अन्य संबंधित क्षेत्रों में शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अनुज्ञापियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित तिथियों पर शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।








Hits Today : 3098
Who's Online : 12