संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले की कुआनो नदी के शिवाघाट पर विधायक राजेंद्र चौधरी अपनी निधि से नए एवं आधुनिक अन्त्येष्टि स्थल का निर्माण करा रहे हैं। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बारिश के दौरान शवदाह में होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही एक साथ कई शवों का अंतिम संस्कार भी सुगमता से किया जा सकेगा।
सल्टौआ, भिरिया, सोनहा, भानपुर और गौर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों के लोग अंतिम संस्कार के लिए शिवाघाट जाते हैं। यहां पूर्व में बना अन्त्येष्टि स्थल जर्जर हो चुका है। बरसात के मौसम में घाट पर पानी भर जाने से शवदाह में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
रुधौली के विधायक राजेंद्र चौधरी ने अपनी निधि से नए अन्त्येष्टि स्थल के निर्माण की पहल की है। निर्माण कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
विभाग के अधिशासी अभियंता इं. अंकुर वर्मा ने बताया कि नए परिसर में 12 शवदाह प्लेटफॉर्म, एक विश्रामालय तथा रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। कार्य अंतिम चरण में है। डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि बारिश अथवा नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में भी अंतिम संस्कार में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी। इससे क्षेत्रीय लोगों को वर्षभर बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।








Hits Today : 859
Who's Online : 6