बस्ती जिले में रुधौली थाना क्षेत्र के दसिया पेट्रोल पंप के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बस्ती सदर विधायक एवं सपा जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव के भांजे शैलेश यादव की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह सिद्धार्थनगर से बस्ती की ओर आ रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार के कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक शैलेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि शैलेश यादव सिद्धार्थनगर जिले के वर्डपुर में डाक विभाग में कार्यरत थे और मूल रूप से गोंडा जनपद के परसा बेलहरी गांव के निवासी थे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के नंबर के आधार पर उनकी पहचान की गई। इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई। उनकी माता मंजू यादव को पुलिस ने घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में समर्थक और परिचित पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।










Hits Today : 1094
Who's Online : 8