संवाददाता ( पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में साइबर जालसाज लोगों को ठगने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें फ्री में वेब सीरीज डाउनलोड कर देखने के झांसे में आकर एक युवक ने अपनी जमा-पूंजी गंवा दी। साइबर ठगों ने उसका बैंक खाता हैक कर करीब 6.24 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी चंदन यादव, जो वर्तमान में बस्ती में रह रहे हैं, ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक वेब सीरीज देखने का विज्ञापन दिखाई दिया। वेब सीरीज देखने की इच्छा से उन्होंने डाउनलोड लिंक पर क्लिक कर दिया।
आरोप है कि लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने उनके मोबाइल और बैंक खाते तक पहुंच बना ली। कुछ ही देर में उनके खाते से 6 लाख 24 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। खाते से धनराशि कटने के संदेश मिलने पर उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस और साइबर सेल को सूचना दी।
पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच निरीक्षक भगवान सिंह को सौंपी गई है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान करने और धनराशि की रिकवरी के प्रयास में जुटी है।








Hits Today : 2134
Who's Online : 10