उप्र बस्ती जिले में आदर्श नगर पंचायत नगर में सोमवार को महिला कल्याण विभाग की ओर से निराश्रित विधवा महिलाओं को पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए निःशुल्क सहायता शिविर लगाया गया। नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन में आयोजित शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने किया। शिविर में 85 पात्र महिलाओं का चयन कर उनके आवेदन स्वीकार किए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। नगर के जरूरतमंद और वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निराश्रित महिलाओं को पेंशन योजना से जोड़ना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जल्द ही समाज कल्याण और दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से भी सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना सराहनीय पहल है। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
शिविर में महिला कल्याण विभाग के सौरभ चौधरी और सरिता श्रीवास्तव ने महिलाओं को निराश्रित विधवा पेंशन योजना की जानकारी दी। अधिकारियों ने महिलाओं की समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया भी शुरू की।
इस दौरान सभासद विजय जायसवाल, संजय सोनकर, राकेश पांडेय, मोनू पांडेय, संजय पांडेय, शीतल गौड़, श्रुति कुमार अग्रहरि और आलोक सिंह समेत नगर पंचायत के प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।








Hits Today : 1321
Who's Online : 15