योगी जन्मोत्सव महोत्सव का आगाज: तपसी धाम में 289 यूनिट रक्तदान, सेवा और समर्पण का दिखा अद्भुत संगम
संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर विश्व हिंदू महासंघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को पौराणिक तपसी धाम में हुआ। महोत्सव के पहले दिन आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 289 युवाओं, समाजसेवियों और महिला कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का अनूठा संदेश दिया। रक्तदाताओं के उत्साह और जनभागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह की अध्यक्षता एवं तपसी धाम के महंत जय बक्श दास महाराज के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी एवं कवि राम नरेश सिंह ‘मंजुल’, विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राना, महंत जय बक्श दास महाराज तथा हर्रैया विधायक अजय सिंह ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सुबह से ही रक्तदान शिविर में युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य संभाला। कार्यक्रम का निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को सेवा और मानवता से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है।
शिविर में पहुंचे डीआईजी संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जन्मदिन समारोहों में तामझाम देखने को मिलता है, लेकिन यहां युवाओं ने रक्तदान कर समाज सेवा की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि यह रक्त कई जरूरतमंदों और मरीजों के लिए जीवनदान साबित होगा।
प्रदेश महामंत्री दिग्विजय सिंह राना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्र और सनातन संस्कृति की सेवा के लिए समर्पित है। उनके जन्मोत्सव पर रक्तदान जैसा पुनीत कार्य ही सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्व हिंदू महासंघ और सनातन रक्षा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी तथा सनातन रक्षा वाहिनी के जिलाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव ने व्यवस्थाओं की कमान संभाली। भीषण गर्मी के बावजूद रक्तदाताओं के लिए पेयजल, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई।
महोत्सव में महिलाओं की भागीदारी भी विशेष आकर्षण रही। पूनम सिंह, कंचन विश्वकर्मा, अनुसूया पांडेय और आरती देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। महिलाओं ने संदेश दिया कि राष्ट्र और समाज सेवा में आधी आबादी भी बराबर की भागीदार है।
शाम होते-होते तपसी धाम का वातावरण भक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। जय श्रीराम और योगी आदित्यनाथ के समर्थन में गूंजते उद्घोषों के बीच जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने घोषणा की कि पहले दिन 289 यूनिट रक्तदान कर बस्ती के युवाओं ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव के तहत आगामी दिनों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।










Hits Today : 1850
Who's Online : 8