उप्र बस्ती जिले के पास अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच की आंच अब बस्ती जिले तक पहुंच गई है। हर्रैया तहसील क्षेत्र के पैकोलिया थाना अंतर्गत इटवा कुनगाई गांव निवासी महेश का नाम जांच के दायरे में आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी आय के स्रोत और अचल संपत्तियों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि महेश श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के बैंक खाते से जुड़े लेखा संबंधी कार्य और टैली एंट्री का काम करता था। उसका नाम चढ़ावा चोरी प्रकरण के मुख्य आरोपी रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू का करीबी होने के कारण भी चर्चा में है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले आर्थिक रूप से साधारण स्थिति वाले परिवार के नाम पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में जमीनों की खरीद हुई है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद 12 जून को इटवा राजा गांव में करीब छह बीघा भूमि, बेनीपुर में दो गाटों की जमीन तथा हर्रैया तहसील के करनपुर में एक भूखंड खरीदा गया। इन संपत्तियों का बैनामा महेश के भाई रमेश कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम होने की बात सामने आई है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि अयोध्या, दर्शननगर, बस्ती, लखनऊ और प्रयागराज में भी परिवार के नाम संपत्तियां हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
महेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर है। बड़े भाई प्रयागराज में संविदा कर्मचारी, दूसरे भाई कचहरी में मुंशी और सबसे छोटे भाई गौर ब्लॉक में सफाई कर्मचारी हैं। करीब दस वर्ष पहले दिल्ली जाने के बाद महेश श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू होने पर अयोध्या में बस गया और वहीं कार्य करने लगा।
ग्रामीणों के अनुसार, उसके पिता परसा चौराहे पर नाई का काम करते थे। गांव में परिवार का दो मंजिला मकान है, जबकि परसा-परसुरामपुर-अयोध्या मार्ग पर एक अन्य मकान निर्माणाधीन है। गुरुवार को उसके पैतृक घर पर सन्नाटा पसरा रहा। छोटे भाई कमलेश की पत्नी खुशबू ने बताया कि महेश अपने परिवार के साथ अयोध्या में रहता है और उनके कार्यों की जानकारी उन्हें नहीं है।
गांव के लोगों का कहना है कि महेश अक्सर लग्जरी वाहन से गांव आता था और कुछ समय रुकने के बाद वापस लौट जाता था। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी







Hits Today : 1668
Who's Online : 12