उप विधान सभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए युवा नेता एवं बस्ती के राजपरिवार से ताल्लुक रखने वाले ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपकर युवा और प्रबुद्ध वर्ग के साथ ही पूर्वांचल में संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया है।
ऐश्वर्य राज सिंह इससे पहले पार्टी की आईटी सेल में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने रालोद के टिकट पर बस्ती से चुनाव भी लड़ा था। संगठन में सक्रियता और युवाओं के बीच पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
उनकी नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। रालोद नेतृत्व का प्रयास पूर्वांचल में संगठन को मजबूत करने के साथ ही युवाओं और नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का है।
ऐश्वर्य राज सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बस्ती में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिला पंचायत प्रशासक संजय चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष विवेक चौधरी, जिलाध्यक्ष सर्वेश वर्मा समेत तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।








Hits Today : 758
Who's Online : 8