उप्र मथुरा वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज आश्रम में ब्रज के साधु-संतों की बैठक हुई। संतों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। कहा कि जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की जाएगी। पुलिस की ओर से लापरवाही बरते जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता महामंडलेश्वर राधाप्रसाद देव जू महाराज ने की। महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि प्रेमानंद महाराज के आश्रम में बड़ी संख्या में दीक्षित साधक-साधिकाएं रहते हैं। ऐसे में एक शिष्य की इस तरह मौत होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
महंत गंगा दास महाराज ने मथुरा के जवाहर बाग प्रकरण का जिक्र करते हुए प्रशासन से सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए समय रहते मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
संतों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाई जाए। बैठक में श्रीदास प्रजापति, राजेश शास्त्री, हरियानंद सरस्वती महाराज, मूलचंद गिरी, सतीश गिरी, चंदन महाराज, हरीगिरी, अंकित शास्त्री, पुरुषोत्तम और अभिलाख आदि मौजूद रहे।
रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक (फाइल फोटो)








Hits Today : 5759
Who's Online : 9