उप्र बस्ती जिले में विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर की ग्राम पंचायत जिनवा में इंडिया मार्का हैंडपंप के रिबोर कार्य में सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप में फंसे लघु सिंचाई विभाग के जेई अरविंद कुमार मल्ल के मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाने की तैयारी है। मुख्य अभियंता लघु सिंचाई ने एसपी बस्ती से मुकदमे की मौजूदा स्थिति और उससे जुड़े अभिलेख मांगे हैं।
अरविंद कुमार मल्ल उस समय सल्टौआ गोपालपुर में लघु सिंचाई विभाग के जेई के पद पर तैनात थे। उनके खिलाफ वर्ष 2023 में वाल्टरगंज थाने में गबन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। फिलहाल वह लघु सिंचाई खंड कार्यालय गोरखपुर से संबद्ध हैं।
मामले की जांच पूरी करने के बाद पुलिस आरोपपत्र भी तैयार कर चुकी है। अब जेई के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति का मामला शासन स्तर पर लंबित है। इसके लिए डीएम ने 27 मई 2024 और एसपी ने सात मई 2024 को मुख्य अभियंता, लघु सिंचाई विभाग, उत्तर प्रदेश को पत्र भेजा था। इसके बाद मुख्य अभियंता ने एसपी को पत्र भेजकर मुकदमे की अद्यतन स्थिति और संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा है। पत्र में बताया गया है कि इस मामले की जानकारी पहले भी मांगी गई थी, लेकिन अभी तक सूचना नहीं मिली। अभियोजन की स्वीकृति पर निर्णय लेने के लिए मुकदमे की वर्तमान स्थिति और अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ।









Hits Today : 5962
Who's Online : 15