उप्र बस्ती जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पहल संस्था ने रविवार को शहर में व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत की। संस्था के संस्थापक मनीष मिश्र के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय के आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। साथ ही लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मनीष मिश्र ने कहा कि बस्ती में सफाई की नई क्रांति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसकी प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने स्वच्छता को देश की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया और इसे सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर जनआंदोलन का रूप दिया। अब इसी सोच को जनभागीदारी के माध्यम से बस्ती में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। जब समाज का हर वर्ग अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आता है, तभी कोई अभियान जनक्रांति का रूप लेता है। सफाई अभियान में बस्ती के युवाओं की बड़ी भागीदारी देखकर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
मनीष मिश्र ने कहा कि कुआनो नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि बस्ती की पहचान और विरासत है। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। पहल संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।
इस दौरान संजय मिश्र, जीडी मिश्रा, विमल पांडेय, आकाश सोनी, प्रियंका, प्रीति कन्नौजिया, अमरजीत, अनुपम कुमार, अभिषेक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







Hits Today : 5351
Who's Online : 7