उप्र बस्ती जिले में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस एसोसिएशन) की जिला इकाई की नवगठित कार्यकारिणी ने सोमवार को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में आयोजित समारोह में पद एवं दायित्व की शपथ ली। नई टीम ने चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान, संगठन को मजबूत बनाने और आपसी समन्वय बढ़ाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सकों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, सम्मान और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इसमें अध्यक्ष डॉ. बृजेश शुक्ला, सचिव डॉ. आरके सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. आलोक पांडेय और डॉ. एसबी सिंह, महिला उपाध्यक्ष डॉ. अनीता वर्मा, वित्त सचिव डॉ. फैज वारिस, केंद्रीय समिति सदस्य डॉ. एके सिंह और डॉ. आशुतोष कुमार शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सकों की एकजुटता से ही संगठन मजबूत होगा। कार्यस्थल पर बेहतर माहौल, पर्याप्त मानव संसाधन, पदोन्नति, समयबद्ध कॅरिअर प्रगति, सुरक्षा और चिकित्सकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। नई कार्यकारिणी ने इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों और मंचों तक पहुंचाने की बात कही।
अध्यक्ष डॉ. बृजेश शुक्ला ने कहा कि जनपद के सभी पीएमएस चिकित्सकों को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। चिकित्सकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। सचिव डॉ. आरके सिंह ने कहा कि संगठन में आपसी समन्वय बढ़ाने और चिकित्सकों की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार काम किया जाएगा।
इस दौरान नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सीएमओ डॉ. राजीव निगम, एसआई डॉ. अनिल कुमार, महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार, डॉ. फैज वारिस, डॉ. शशि कुमार, डॉ. राजेश, डॉ. जेपी चौधरी, डॉ. जेपी कुशवाहा, डॉ. रंजू, डॉ. श्वेता, डॉ. एसबी सिंह समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।









Hits Today : 2443
Who's Online : 10