उप्र बस्ती जिले में महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज के ओपेक अस्पताल कैली की इमरजेंसी में सोमवार को परिजनों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। गंभीर हालत में भर्ती अपने भाई का हालचाल लेने पहुंची महिला पर परिवार के कई लोगों ने हमला कर दिया। इमरजेंसी में अचानक हुई मारपीट से मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में अफरातफरी मच गई। चिकित्सक की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी परिजन फरार हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के अबूबकर को जहरखुरानी की आशंका के चलते गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर उनकी बहन इमरजेंसी में भाई का हालचाल लेने पहुंची। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार के लोगों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इमरजेंसी में हंगामा होने से वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।
इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. शमशाद आलम ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला के साथ मारपीट करने वाले लोग मौके से भाग निकले। उधर, चिकित्सकों ने अबूबकर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद काफी देर तक इमरजेंसी में हलचल बनी रही। सूचना पर पहुंची सोनूपार पुलिस ने मौके का जायजा लिया। पीड़ित महिला ने बताया कि वह मामले में पुलिस को तहरीर देगी।








Hits Today : 5258
Who's Online : 10