उप्र बस्ती जिले में आकांक्षी ब्लॉक कुदरहा में मंगलवार को विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे विशेष सचिव शेषनाथ ने योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। पसड़ा गांव में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन नाली में बिछी देखकर वह नाराज हो गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर पाइप को नाली से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बिछाने का निर्देश दिया।
विशेष सचिव ने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ग्राम पंचायत पसड़ा और बानपुर में संचालित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली।
पसड़ा उपकेंद्र पर उन्होंने एएनएम से टीकाकरण की स्थिति जानी। पशुपालकों से भी पशुओं के टीकाकरण के बारे में जानकारी ली, जिस पर समय से टीकाकरण होने की बात सामने आई। निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण कर कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद विशेष सचिव ने कई लाभार्थियों के आवासों का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र पर उन्होंने पंजीकृत सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। यहां जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य पर विशेष सचिव ने नाराजगी जताई। वहीं बिजली कनेक्शन से वंचित विधवा पूनम के घर तत्काल कनेक्शन कराने के निर्देश बिजली विभाग के अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर गांव में लोगों को दिखाई देना चाहिए।









Hits Today : 2437
Who's Online : 9