मथुरा में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक समागम में प्रदेश के 175 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, गीता के मूल्यों को शिक्षा से जोड़ने पर हुआ मंथन
उप्र बस्ती जिले में शिक्षा में संस्कार, नैतिकता और जीवन कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मथुरा स्थित केएम विश्वविद्यालय में दो दिवसीय शैक्षिक समागम आयोजित किया गया। बस्ती के राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र के नेतृत्व में टेक्नोसेवी शिक्षकों के समूह एडूलीडर्स की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सभी 75 जिलों से आए 175 उत्कृष्ट शिक्षकों को एडूलीडर्स सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वालों में बस्ती के विक्रमजोत ब्लॉक की शिक्षिका मीना शर्मा और बनकटी ब्लॉक के शिक्षक बृजेश गुप्ता भी शामिल रहे। दोनों को उनके उल्लेखनीय शैक्षिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, कुलपति डॉ. एनसी प्रजापति, मथुरा की बीएसए रतन कीर्ति और एडूलीडर्स के संस्थापक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने किया। अतिथियों ने शिक्षकों की भूमिका को समाज और नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए एडूलीडर्स के प्रयासों की सराहना की।
गीता के मूल्यों को शिक्षा से जोड़ने पर चर्चा
समागम के दौरान ‘शिक्षा में श्रीमद्भगवद्गीता आधारित मूल्यों का समावेशन’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा प्रतिस्पर्धी और तनावपूर्ण माहौल में विद्यार्थियों का विकास केवल किताबी ज्ञान से संभव नहीं है। गीता के निष्काम कर्म, स्थितप्रज्ञ और ध्यान योग जैसे सिद्धांत विद्यार्थियों की एकाग्रता, मानसिक संतुलन और निर्णय क्षमता को मजबूत करने में उपयोगी हो सकते हैं।
वक्ताओं ने गीता के सार्वभौमिक सिद्धांतों को जीवन कौशल और व्यक्तित्व विकास के रूप में विद्यालयों की दैनिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के पहले दिन प्रदेश के 75 जिलों से आए एडूलीडर्स के जिला समन्वयकों की बैठक भी हुई। इसमें शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने, शिक्षकों के क्षमता संवर्धन और विद्यार्थियों के समग्र विकास को लेकर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में सत्यमेव जयते ट्रस्ट के ट्रस्टी मुकेश जैन, ऋषिकुल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य मदन मोहन शर्मा, विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के जीवनव्रती अतुल, डायट आगरा के प्रवक्ता मनोज वार्ष्णेय समेत कई शिक्षाविदों ने विचार रखे। आयोजन में नरेंद्र तिवारी, अरविंद शर्मा और एडूलीडर्स की पूरी टीम का योगदान रहा।










Hits Today : 5564
Who's Online : 6