- पति गंभीर रूप से घायल, हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार; दो साल पहले हुई थी शादी
बस्ती। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर नरखोरिया तिराहे के पास ट्रक की ठोकर से बाइक सवार महिला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान ट्रक का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सिद्धार्थनगर जिले के केवटली नानकार निवासी अनिल चौधरी (24) पुत्र गणेश चौधरी अपनी पत्नी शालू चौधरी (22) के साथ रुधौली स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नरखोरिया तिराहे के पास मुख्य सड़क पर पहुंचते ही उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक की ठोकर लगने से शालू सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान ट्रक का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अनिल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं। अनिल और शालू की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी।








Hits Today : 793
Who's Online : 13