बस्ती के विकास और पहचान के खिलाफ रची जा रही साजिश, प्रशासन के फैसले का करेंगे सम्मान- मनीष मिश्रा
उप्र बस्ती जिले में छठ महापर्व पर छठ व्रती महिलाओं और प्रमुख मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की तैयारी को जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से निरस्त कर दिया। श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज परिसर में हेलीकॉप्टर उतारने के लिए हेलीपैड भी तैयार कराया गया था। गुरुवार देर रात अनुमति निरस्त होने के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं पहल संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने शुक्रवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्ती के विकास और पहचान को आगे बढ़ाने के प्रयासों में कुछ लोग बाधा डाल रहे हैं।
मनीष मिश्रा ने कहा कि हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने का उद्देश्य व्यक्तिगत प्रचार नहीं, बल्कि बस्ती की जनता का सम्मान और छठी मैया के प्रति श्रद्धा प्रकट करना था। उनका संकल्प बस्ती को देश के 100 प्रमुख विकसित जिलों की सूची में शामिल कराना है। उन्होंने कहा कि बस्ती का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है, जो कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बस्ती का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने के बाद कुछ लोगों ने इसे हटवाने के लिए ईमेल भेजे थे। इसी तरह पहल संस्था के बेस टू स्पेस कार्यक्रम को भी प्रभावित करने की कोशिश की गई। उनका दावा है कि कुछ लोगों ने विद्यालयों के प्रबंधकों को फोन कर कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी। संस्था के माध्यम से बच्चों को स्पेस और रोबोटिक्स तकनीक के प्रति जागरूक करने के साथ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जरूरतमंद महिलाओं और विधवाओं की मदद के लिए भी संस्था काम कर रही है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि वह प्रशासन का सम्मान करते हैं और कानून का पालन करेंगे। सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के चलते अनुमति निरस्त करने के फैसले का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर या 15 जनवरी 2027 से एक महीने तक बस्ती में हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की योजना है।
उन्होंने छह दिसंबर को प्रेसवार्ता कर कथित साजिश में शामिल लोगों के नाम और सबूत सार्वजनिक करने की घोषणा की। संबंधित दस्तावेज प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और अन्य जांच एजेंसियों को भेजने की बात भी कही। उन्होंने छठ व्रती महिलाओं से अपील की कि वे घाटों पर अपने हाथों से पुष्पवर्षा कर पर्व की गरिमा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा नहीं हो पाने के बावजूद बस्ती के विकास और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का उनका संकल्प जारी रहेगा।








Hits Today : 2169
Who's Online : 9