सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के साथ पुलिस लाइन सभागार में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में आगामी होली, रमजान और ईद के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने तथा गैंगस्टर, वांछित व पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, रात्रिकालीन गश्त में वृद्धि, महिला अपराध, पॉक्सो व एससी/एसटी एक्ट के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही यक्ष ऐप पर समय से डाटा फीडिंग, भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सतर्कता, संवेदनशील इलाकों में फुट पेट्रोलिंग, मिशन शक्ति को सशक्त बनाने तथा साइबर अपराधों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, एनसीआरबी सीएम डैशबोर्ड व अन्य पोर्टलों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया गया।
त्योहारों के दौरान संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने, जुलूसों की निगरानी और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से आपसी सौहार्द और परंपराओं के सम्मान के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद सहित सभी क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।









Hits Today : 604
Who's Online : 11