संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले में होली के त्योहार को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए हैं। जिले में करीब 2,740 स्थानों पर होलिका दहन होना है। सभी स्थलों का पुलिस द्वारा पूर्व निरीक्षण किया जा चुका है तथा वहां सुरक्षा और निगरानी के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
इस वर्ष 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली खेली जाएगी। साथ ही रमजान माह भी चल रहा है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। संवेदनशील और पूर्व में विवादित रहे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। धर्मस्थलों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। होलिका दहन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की व्यवस्था की गई है।
त्योहार के दौरान सड़कों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग तथा बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।









Hits Today : 1340
Who's Online : 5