संवाददाता ( पंकज सिंह
बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के सरयू नदी स्थित चांदपुर घाट पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दाह-संस्कार में शामिल होने आए दो युवक स्नान के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने घंटों तक चले सर्च अभियान के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रखिया गांव निवासी सूरज चौधरी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार सरयू नदी के चांदपुर घाट पर किया जा रहा था। अंतिम संस्कार के बाद ग्रामीण नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान रखिया निवासी मनोज कनौजिया (25) और वीरेंद्र चौधरी (20) गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
दोनों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों नदी में लापता हो चुके थे। घटना की सूचना यूपी-112, दुबौलिया पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे मनोज कनौजिया का शव बरामद हुआ, जबकि वीरेंद्र चौधरी का शव शाम करीब छह बजे नदी से निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। दोनों युवकों के शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया और घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
सीओ कलवारी प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।







Hits Today : 1197
Who's Online : 17