संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। शासन से तबादलों को हरी झंडी मिलने के बाद जिले में अधिकारियों के स्थानांतरण का दौर शुरू हो गया है। स्वास्थ्य, कृषि, बाल विकास एवं महिला कल्याण समेत कई विभागों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों के तबादले होने से विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली प्रभावित होने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग में जारी तबादला आदेश के अनुसार बस्ती में तैनात अपर निदेशक स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) डॉ. अश्वनी कुमार का स्थानांतरण मिर्जापुर कर दिया गया है। उनकी जगह जिला अस्पताल वाराणसी की वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनीषा सिंह को बस्ती का नया एडी हेल्थ नियुक्त किया गया है।
बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग में भी बदलाव किया गया है। विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत श्रावस्ती में तैनात सीडीपीओ विवेक कुमार शाही का स्थानांतरण बस्ती कर दिया गया है।
कृषि विभाग में हुए फेरबदल के तहत उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम को राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान, रहमानखेड़ा में सह प्राध्यापक के पद पर भेजा गया है। वहीं, संस्थान में सह प्राध्यापक के पद पर कार्यरत अशोक कुमार को बस्ती का नया उप निदेशक कृषि बनाया गया है। इसके अलावा भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी का स्थानांतरण गोरखपुर जनपद में जिला कृषि अधिकारी के पद पर किया गया है। उनकी जगह गोरखपुर में तैनात सुदीप वर्मा को बस्ती का नया भूमि संरक्षण अधिकारी बनाया गया है। जिले में तबादलों के इस दौर को प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी स्थानांतरण की संभावना जताई जा रही है।








Hits Today : 1208
Who's Online : 14