संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण दिवस के रूप में मनाते हुए हर्रैया विधायक अजय सिंह ने शुक्रवार को जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और वृद्धाश्रम पहुंचकर मरीजों, तीमारदारों एवं बुजुर्गों के बीच कूलर और फलों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों का हालचाल जाना और अस्पतालों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
भीषण गर्मी को देखते हुए विधायक अजय सिंह ने जिला अस्पताल को पांच, महिला अस्पताल को चार तथा वृद्धाश्रम को दो कूलर उपलब्ध कराए। इसके अलावा अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विधायक अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरा जीवन जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस पर जरूरतमंदों की सहायता करना और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाना और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अस्पताल प्रशासन एवं वृद्धाश्रम के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने मरीजों और बुजुर्गों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
इस अवसर पर एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब रमवापुर पाठक निवासी मुन्ना को सम्मानित किया गया। मुन्ना पिछले आठ वर्षों से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बाल और दाढ़ी नि:शुल्क बनाकर सेवा कर रहे हैं। विधायक ने उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें अंगवस्त्र एवं सहयोग राशि भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि पंडित सरोज मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार, अधीक्षक खालिद सिद्दीकी, देवेंद्र पाल, रविंद्र सिंह उर्फ लाल बाबू, रामनगर ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह, अभिजीत सिंह, वीरेंद्र पाल, कृष्ण चंद्र सिंह, अवधेश सिंह, अमरनाथ सिंह, भावेश पांडेय, संतोष विश्वकर्मा, जयंत मिश्र, सिद्धांत मिश्र, शिवांश उपाध्याय, प्रेरित पाल, हैप्पी सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चिकित्सक एवं अस्पताल कर्मचारी मौजूद रहे








Hits Today : 1710
Who's Online : 7