संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। कप्तानगंज कस्बे में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। अयोध्या से बस्ती आ रही तेज रफ्तार बस ने इंदिरा इंटर कॉलेज के सामने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बह्हापुर गांव निवासी परमानंद मिश्रा (60) पुत्र राममूरत मिश्रा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह हाल ही में अयोध्या से अपने गांव लौटे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह किसी कार्य से गौरा जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान कप्तानगंज चौराहे के समीप इंदिरा इंटर कॉलेज के सामने सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी अधिक थी। टक्कर लगते ही परमानंद मिश्रा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कप्तानगंज चौराहा क्षेत्र काफी व्यस्त बाजार होने के बावजूद यहां वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।









Hits Today : 1698
Who's Online : 18