संवाददाता (पंकज सिंह)
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के बसडिलिया गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने महिला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि मुकदमे में वांछित आरोपी अर्चना चौधरी को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बसडिलिया गांव निवासी अनूप चौधरी (30) पुत्र अशरफी लाल की शादी इसी वर्ष 12 फरवरी को रुधौली थाना क्षेत्र के मुंगरहा गांव निवासी अर्चना के साथ हुई थी। शुक्रवार को अनूप अपनी पत्नी के साथ ससुर के ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद दोनों देर रात अपने घर लौट आए थे।
मृतक के पिता अशरफी लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे अनूप और उसकी पत्नी अर्चना के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अर्चना ने अनूप को जोर से धक्का दे दिया, जिससे उसका दाहिना हाथ कमरे की खिड़की में लगे शीशे से टकरा गया और शीशा टूटने से हाथ की नस कट गई।
नस कटने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी पत्नी अर्चना चौधरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है








Hits Today : 1771
Who's Online : 13