संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बस्ती-बांसी मार्ग स्थित गौरा तिराहे के पास गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 5:45 बजे ट्रक और बाइक की टक्कर से हुआ।
मृतक की पहचान रुधौली थाना क्षेत्र के मझौआ कलां द्वितीय निवासी 16 वर्षीय प्रियांशु कन्नौजिया के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल 19 वर्षीय हिमांशु यादव, निवासी खुटहन (नगर थाना क्षेत्र), को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रियांशु और हिमांशु दोनों वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सरैया गांव स्थित अपने ननिहाल आए हुए थे। गुरुवार सुबह दोनों एक ही बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए हाईवे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गौरा तिराहे के पास उनकी बाइक एक ट्रक की चपेट में आ गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ननिहाल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि हिमांशु का इलाज जारी है।
मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुरानी बस्ती थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








Hits Today : 2253
Who's Online : 8