संवादददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के एक मदरसे की प्रबंध समिति से जुड़े संस्थापक सदस्यों को अभिलेखों में फर्जी तरीके से मृत दर्शाकर उनके नाम हटाने के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। नगर थानाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और करहली चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे फुटहिया क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, मदरसा अरबिया अहले सुन्नत तालीमुल इस्लाम अशरफिया, मौजा मटेरा के संस्थापक सदस्य मो. नजीर, सेराजुद्दीन, मुनव्वर अली और मेंहदी हसन ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। वर्ष 2005 में सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स, गोरखपुर में पंजीकृत इस संस्था में मुनव्वर अली नायब सदर, सेराजुद्दीन सेक्रेटरी तथा मो. नजीर और मेंहदी हसन सदस्य थे।
आरोप है कि संस्था के प्रबंधक अब्दुररब निवासी मटेरा ने ग्राम प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल कर मो. नजीर को वर्ष 2009 में मृत दिखा दिया। इसी तरह सेराजुद्दीन, मुनव्वर अली और मेंहदी हसन को भी जीवित रहते हुए फर्जी शपथ-पत्र और मृत्यु प्रमाण-पत्र के आधार पर मृत घोषित कर उनके नाम प्रबंध समिति से हटवा दिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सहायक रजिस्ट्रार कार्यालय में नोटरीकृत शपथ-पत्र प्रस्तुत कर संबंधित सदस्यों को मृत दर्शाया और उनके स्थान पर अपने रिश्तेदारों को समिति में शामिल करा दिया। आरोप है कि बाद में अन्य सदस्यों के नाम भी अभिलेखों में कूटरचना कर दर्ज किए गए।
नगर थानाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने बताया कि मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके आधार पर आरोपी प्रबंधक अब्दुररब को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।







Hits Today : 1000
Who's Online : 7