संवाददाता ( पंकज सिंह)
बस्ती। जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की तहरीर पर आरोपी युवक तथा उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी अमृत कुमार उसके संपर्क में आया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसे विश्वास में लिया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया।
युवती का आरोप है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद उसने मामले की जानकारी युवक के माता-पिता को दी, लेकिन वहां से भी सहयोग नहीं मिला। आरोप है कि परिजनों ने उल्टा उसे और उसके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गत 3 मई को आरोपी उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। साथ ही जान से मारने और उसकी शादी कहीं और न होने देने की धमकी दी।
थाना प्रभारी तहसीलदार सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







Hits Today : 1006
Who's Online : 6