उप्र बस्ती जिले में रुधौली-बांसी मार्ग स्थित दसिया गांव में निर्माणाधीन इथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में मंगलवार को प्रस्तावित किसानों और ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन प्रशासन की सक्रियता के चलते टल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी और जनप्रतिनिधियों की पहल से स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही।
इस दौरान सांसद राम प्रसाद चौधरी और रुधौली विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी आपत्तियां और मांगें सुनीं। इसके बाद उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
धरना-प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मौके पर भानपुर एसडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, सीओ रुधौली, रुधौली थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे, सोनहा थानाध्यक्ष महेश सिंह समेत पुरानी बस्ती और वाल्टरगंज थानों की पुलिस तैनात रही। इसके अलावा पीएसी की दो टुकड़ियां और फायर ब्रिगेड के दो वाहन भी मौके पर मौजूद रहे। गांव के साथ ही आसपास के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रही।
विधायक राजेंद्र प्रसाद चौधरी ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उनकी समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी सहमति से किया जाए। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद का समाधान प्रशासनिक स्तर पर कराने की अपील की।








Hits Today : 2379
Who's Online : 9