बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को प्रेस क्लब सभागार में जिलाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं, सदस्यता अभियान और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकारिणी के रिक्त पदों पर सर्वसम्मति से मनोनयन भी किया गया। कार्यकारिणी विस्तार के तहत सुधीर तिवारी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया। प्रवीन श्रीवास्तव एवं सुरेश गौंड को संयुक्त मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिला उपाध्यक्ष पद पर रवीश कुमार मिश्र, संतोष पाण्डेय, देवेन्द्र सिंह, जितेन्द्र पाण्डेय और गिरजेश चौधरी का मनोनयन किया गया। वहीं विवेक कान्त पाण्डेय, अविनाश चन्द्र दूबे, अनिल कुमार पाठक, अश्वनी सिंह, गिरजेश सिंह, अश्विनी पाण्डेय और रुकुनुद्दीन को जिला संगठन मंत्री बनाया गया। जिला प्रचार मंत्री के रूप में प्रद्युम्नधर द्विवेदी, हृदय विकास, संतोष पाण्डेय और संजय यादव को दायित्व सौंपा गया। तहसील इकाइयों में उमाकांत शुक्ल को बस्ती सदर, डॉ. दिवाकर मिश्र को भानपुर, शिवरतन को रुधौली तथा राजकुमार तिवारी को हर्रैया का तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया। सल्टौआ ब्लॉक इकाई में दीपचंद्र को कोषाध्यक्ष तथा रविन्द्र प्रताप को उपाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही शिक्षकों की समायोजन विसंगति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए शासन से शीघ्र समाधान की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। बहादुरपुर और बस्ती सदर ब्लॉक इकाइयों के अधिवेशन समय पर कराने का भी निर्णय लिया गया।
जिलाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद सिंह ने कहा कि संगठन हमेशा शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से पूरी निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई। जिला मंत्री बालकृष्ण ओझा ने सदस्यता अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के संविधान के प्रति निष्ठा और शिक्षक हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई।








Hits Today : 2174
Who's Online : 15