11 अगस्त को भदेश्वरनाथ धाम में होगा जलाभिषेक, निःशुल्क भोजन-पानी और ठहरने की व्यवस्था
बस्ती। सावन में बाबा भदेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले कांवड़ियों के स्वागत और सेवा की तैयारियां तेज हो गई हैं। मां शांति सेवा संस्थान की ओर से फुटहिया में कांवड़ियों के ठहरने, भोजन और पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों के अनुसार इस बार करीब पांच से छह लाख शिवभक्तों के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। 11 अगस्त को बाबा भदेश्वरनाथ का जलाभिषेक होगा। कांवड़ महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी होंगे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, जयवीर सिंह और संजय निषाद के अलावा राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, मयंकेश्वर सिंह और दयाशंकर सिंह को आमंत्रित किया गया है।
नौ अगस्त को पवन सिंह और कल्पना पटवारी की प्रस्तुति
कांवड़ महोत्सव में नौ अगस्त को भोजपुरी गायक पवन सिंह और गायिका कल्पना पटवारी प्रस्तुति देंगी। 10 अगस्त को भोजपुरी गायक एवं सांसद मनोज तिवारी के साथ आर्यन बाबू, शेखर जायसवाल और उनकी टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेगी। इसके अलावा भजन गायकों, स्थानीय कलाकारों और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
जनप्रतिनिधियों को भी किया गया आमंत्रित
कार्यक्रम संयोजक तेज प्रताप सिंह सुड्डू ने बताया कि महोत्सव के संरक्षक महंत जय बक्स दास और सांसद जगदंबिका पाल हैं। सांसद गोरखपुर रवि किशन शुक्ला, पूर्व सांसद जौनपुर धनंजय सिंह, विधायक राकेश प्रताप सिंह, एमएलसी सुभाष यदुवंश और विधायक अजय सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि फुटहिया में कांवड़ियों के ठहरने के साथ ही भोजन और पानी की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। शिवभक्तों के स्वागत और सेवा के लिए संस्थान के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।






Hits Today : 1504
Who's Online : 8