उप्र बस्ती जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान हर्रैया नगर पंचायत स्थित रोडवेज बस स्टॉप के पास रविवार भोर पुलिस ने गांजा बिक्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने महाकाल रेस्टोरेंट के संचालक और भाजपा के नामित सभासद शनि कुमार उर्फ रवि सोनकर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो गांजा बरामद किया है। आरोपी के पास से 1200 रुपये नकद भी मिले हैं। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हर्रैया थाना पुलिस की टीम रविवार को रोडवेज बस स्टॉप के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि महाकाल रेस्टोरेंट का संचालक कांवड़ियों और राहगीरों को गांजा बेच रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तड़के करीब 3:30 बजे रेस्टोरेंट पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार मौके पर शनि कुमार उर्फ रवि मौजूद मिला। तलाशी लेने पर पांच-पांच किलो के दो पैकेट बरामद हुए। इनमें कुल 10 किलो गांजा था। आरोपी के पास से 1200 रुपये भी मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए वह नेपाल से गांजा लेकर आया था। गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर कांवड़ियों और राहगीरों को बेचने की बात भी पुलिस को बताई। हर्रैया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर छह हनुमानगढ़ी निवासी शनि कुमार उर्फ रवि के खिलाफ पहले भी हर्रैया थाने में मुकदमा दर्ज है। शनि कुमार उर्फ रवि सोनकर का नाम शासन स्तर से नामित सभासद की सूची में शामिल किया गया था। इसके बाद स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था। मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा था। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, एसआई कामेश्वर मिश्र, उमाशंकर सिंह, हेड कांस्टेबल अजय राणा, सौरभ त्रिपाठी, वरुण राय, कांस्टेबल शिव यादव और धर्मेंद्र यादव शामिल रहे









Hits Today : 1255
Who's Online : 15