पवन सिंह के भजनों पर झूमे कांवड़िए; कल्पना पटवारी ने बांधा समां
संवाददाता ( पंकज सिंह )
उप्र बस्ती जिले सावन में शिवभक्ति के रंग में रंगे फुटहिया में रविवार को कांवड़ महोत्सव-2026 का भव्य आगाज हुआ। शहर से सटे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मां शांति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित महोत्सव में सुबह से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। जैसे-जैसे शाम ढली, आयोजन स्थल भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार हो गया। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता पवन सिंह और गायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं में खासा उत्साह भर दिया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद जगदंबिका पाल, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, महंत राजूदास, महंत बलराम, डिंपल सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संत-महात्मा मौजूद रहे। मंडलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी,डीएम कृत्तिका ज्योत्सना, एसपी डा यशवीर सिंह ने अन्य अतिथियों के साथ कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और अपने हाथों से कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया।
मां शांति सेवा संस्थान के अध्यक्ष तेज प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम की शुरुआत तेज प्रताप सिंह और उनकी पत्नी शिम्मी सिंह ने शिव पूजन के साथ की।
कल्पना पटवारी के गीतों पर झूमे श्रद्धालु
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने भगवान शिव और भक्ति पर आधारित भोजपुरी गीतों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके गीत ‘गणेश के पापा हमसे ई भांग पिसाई ना’ पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। इसके बाद ‘एक से नाच कांवरिया, शिव के नगरिया बन के पुजरिया रे’ जैसे गीतों पर कांवड़िए भी झूमते नजर आए।
कल्पना पटवारी की प्रस्तुति के दौरान आयोजन स्थल पर मौजूद श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए। कई कांवड़ियों ने हाथों में कांवड़ थामे ही गीतों पर तालियां बजाकर कलाकार का उत्साह बढ़ाया।
पवन सिंह के मंच पर आते ही गूंजा हर-हर महादेव
भोजपुरी गायक एवं अभिनेता पवन सिंह के मंच पर पहुंचते ही पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। कांवड़िए काफी देर से अपने पसंदीदा कलाकार का इंतजार कर रहे थे। मंच पर पवन सिंह को देखते ही श्रद्धालुओं ने जोरदार तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया।
पवन सिंह ने भगवान शिव को समर्पित एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। उनके गीत ‘गाय, जा एक ना देवघर’ पर पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कांवड़िए गीतों की धुन पर झूमते रहे। पवन सिंह की प्रस्तुति के दौरान लगातार हर-हर महादेव के जयकारे लगते रहे।
सुबह से ही शुरू हो गया था भंडारा
महोत्सव परिसर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। रविवार सुबह से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कांवड़ियों के स्वागत और सेवा के लिए स्वयंसेवक भी जुटे रहे।
देर रात तक भजन, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा। आयोजन स्थल पर शिवभक्ति से जुड़े गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, पूर्व उद्यान मंत्री राजकिशोर सिंह, पूर्व ऊर्जा सलाहकार बृज किशोर सिंह डिंपल, पूर्व विधायक रवि सोनकर, विधायक अजय सिंह, ऐश्वर्य राज सिंह, महंत राजूदास, महंत बलराम, डिंपल सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संत-महात्मा और मां शांति सेवा संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे।









Hits Today : 1249
Who's Online : 20