उप्र बस्ती जिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं असम प्रभारी तथा पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को सड़क मार्ग से गृह जनपद बस्ती पहुंचने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके प्रथम आगमन को यादगार बनाने के लिए भाजपा ने जिले में तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से जिले में कुल 101 स्वागत स्थलों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उनका स्वागत करेंगे। कई स्थानों पर शंखनाद और पुष्पवर्षा की भी तैयारी है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं 310 बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रबल दावेदार इंजीनियर अरविंद पाल ने स्वागत स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की ओर से उनके स्वागत के लिए करमा देवी महाविद्यालय के निकट स्थान निर्धारित किया गया है। यहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की तैयारी है। बताया कि स्वागत स्थल को आकर्षक बनाने के लिए करीब सवा कुंतल फूलों से भव्य स्वागत द्वार तैयार कराया जाएगा। इसके अलावा 51 किलो फूलों की विशेष माला से हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम में 21 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि हरीश द्विवेदी ने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। राष्ट्रीय महामंत्री और असम प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद गृह जनपद में उनका पहला आगमन कार्यकर्ताओं के लिए विशेष अवसर है। इसी कारण स्वागत समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। भाजपा जिला महामंत्री अमृत वर्मा ने बताया कि हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए जिले में 101 स्थान चिह्नित किए गए हैं। घघौआ से लेकर होटल बालाजी प्रकाश तक सड़क मार्ग के विभिन्न स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बस्ती के अलावा गैर जनपदों और अन्य प्रदेशों से भी लोग स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच सकते हैं। हरीश द्विवेदी के आगमन को लेकर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हैं। विभिन्न स्वागत स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि 31 अगस्त को होने वाले स्वागत समारोह को भव्य और यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।






Hits Today : 3642
Who's Online : 9