उप्र बस्ती, 26 अगस्त। अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में बुधवार को आयोजित रक्षाबंधन समारोह भाई-बहन के स्नेह और मातृशक्ति के सम्मान का भव्य आयोजन बन गया। कार्यक्रम में करीब तीन हजार महिलाओं को आमंत्रित किया गया था, लेकिन मनीष मिश्रा को राखी बांधने के लिए सुबह से ही महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देखते ही देखते करीब 10 हजार महिलाएं समारोह में पहुंच गईं।
महिलाओं ने मनीष मिश्रा को तिलक लगाया, आरती उतारी और राखी बांधी। मनीष मिश्रा ने भी बहनों के स्नेह का सम्मान करते हुए उनकी आरती उतारी। अपेक्षा से करीब तीन गुना अधिक महिलाओं के पहुंचने के बावजूद सभी को सम्मान दिया गया। करीब 10 हजार महिलाओं को साड़ी और पारंपरिक नेग प्रदान किया गया।
हजारों महिलाओं ने एक साथ गाया वंदे मातरम्
समारोह में हजारों महिलाओं ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। महिलाओं ने राष्ट्रगीत को राष्ट्रगान के समान वैधानिक संरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया।
इसके बाद प्रेक्षागृह राजनीतिक और राष्ट्रवादी नारों से गूंज उठा। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में नारे लगाए। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और सांसद निशिकांत दुबे के समर्थन में भी नारेबाजी हुई।
बुजुर्ग माता ने किया निशुल्क एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ
समारोह के दौरान बस्ती के लिए शुरू की गई निशुल्क एंबुलेंस और चलित स्वास्थ्य सेवा का शुभारंभ भी किया गया। पहले इसका उद्घाटन मनीष मिश्रा को करना था, लेकिन उन्होंने कहा कि सेवा का शुभारंभ बस्ती की किसी बुजुर्ग माता के हाथों कराया जाना चाहिए। इसके बाद समारोह में मौजूद एक बुजुर्ग महिला से एंबुलेंस सेवा का उद्घाटन कराया गया।
चलित स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से गांव-गांव निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में रक्त जांच, मधुमेह जांच, नेत्र परीक्षण, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच और निशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मनीष मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ के संकल्प के तहत यह सेवा बिना किसी जातिगत या सामाजिक भेदभाव के जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘रामजी का पेड़ा’ और ‘रामजी का झोला’ जैसी पहलों की तरह स्वास्थ्य सेवा का लाभ भी बस्ती के हर जरूरतमंद परिवार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।







Hits Today : 2756
Who's Online : 6