वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त कार्रवाई; लोहरैया मोड़ से पकड़ी गईं तीनों आरोपी महिलाएं, हत्या में इस्तेमाल सामान और मृतक के बैंक दस्तावेज बरामद
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में यशवंत कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीनों को मंगलवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित लोहरैया मोड़ से पकड़ा गया। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह हत्याकांड में अब तक पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। तीनों महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़ीकोल निवासी रीमा (26), शीला (20) और नगर थाना क्षेत्र के खड़ौवाखुर्द निवासी गुड़िया (23) शामिल हैं।
ड्यूटी के लिए निकला था यशवंत, फिर नहीं लौटा
नगर थाना क्षेत्र के खड़ौवाखुर्द निवासी यशवंत कुमार (26) उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम, निर्माण इकाई गोरखपुर में संविदा पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक आठ सितंबर को वह रोज की तरह मामा के बेटे अंकित कुमार के साथ बाइक से ड्यूटी गया था। शाम करीब 7:30 बजे दोनों नगर बाजार पहुंचे। इसके बाद अंकित अपने घर चला गया, जबकि यशवंत घर नहीं पहुंचा।
अगले दिन नौ सितंबर को यशवंत की बाइक दुबौलिया थाना क्षेत्र में बैरागल के पास मिली। उसका शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में धमौरा के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने शव की पहचान की। मामले में 11 सितंबर को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या कर शव फेंकने और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना में सामने आए तीन और नाम
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान 12 सितंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और जांच के दौरान तीन अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। मंगलवार को पुलिस टीम ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल, यशवंत की केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा की दो चेकबुक, एसबीआई का एटीएम कार्ड, मृतक के दो फोटो और एक काली पैशन प्रो बाइक बरामद की है।
कार्रवाई में वाल्टरगंज प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार राय, एसओजी प्रभारी विकास यादव, सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव समेत वाल्टरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।









Hits Today : 732
Who's Online : 11