बस्ती। भारी बारिश और आंधी के दौरान दीवार गिरने से 70 वर्षीय मोतीराम की मौत के बाद रविवार शाम प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही चौबाह गांव पहुंचे। करीब 5:30 बजे गांव पहुंचकर उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री ने परिवार को दैवीय आपदा राहत के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, बस्ती में आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
मंत्री शाही ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में प्रदेश में अव्यवस्था और अपराध की स्थिति रही। शाही ने आपदा राहत से जुड़े पुराने आंकड़ों का हवाला देते हुए सपा सरकार पर केंद्र से मिली धनराशि का पूरा उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। शाही ने बताया कि हाल में 100 से 150 मिलीमीटर तक बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और नदियों में उफान की स्थिति बनी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों और आपदा प्रभावित परिवारों को समय से सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।








Hits Today : 6033
Who's Online : 7