उप्र बस्ती जिले में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के सभागार में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, राजकीय माध्यमिक विद्यालय खलीलपट्टी के प्रधानाध्यापक उदयभान सिंह, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खखुआ की प्रधानाध्यापिका संधिला चौधरी एवं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा भारद्वाज द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा भारद्वाज ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की प्रमुख योजना ‘पंख’ के अंतर्गत पंख पुस्तिका का विमोचन किया गया तथा नवनिर्मित पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया गया। प्रतिभा सम्मान समारोह के अंतर्गत सत्र 2025 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही निबंध, वाद-विवाद, नृत्य, गायन एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कार दिए गए। विज्ञान, गणित, कला, गाइड तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली छात्राओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्या डॉ. अपर्णा भारद्वाज द्वारा आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व अध्यापिका बच्ची देवी, अभिभावकगण तथा विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






Hits Today : 1920
Who's Online : 11