उप्र बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बनकटिया गांव निवासी शुभम शुक्ला ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। ब्रिटेन में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनकी प्रतिभा की सराहना हो रही है। साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में उनकी मेधा का लोहा न केवल विशेषज्ञों ने माना है, बल्कि ब्रिटिश संसद में भी उनके कार्यों की चर्चा हुई है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने संसद में शुभम शुक्ला की दक्षता और योगदान की सराहना की है।
लंदन की एक प्रतिष्ठित निवेश प्रबंधन संस्था में साइबर सुरक्षा इंजीनियर के पद पर कार्यरत शुभम शुक्ला को हाल ही में ब्रिटेन सरकार द्वारा संसद की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहयोग के लिए आमंत्रित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल शुभम, बल्कि पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है।
शुभम शुक्ला के पिता रामभवन शुक्ल कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के अध्यक्ष रह चुके हैं। वे ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं। शुभम की प्रारंभिक शिक्षा इंडियन पब्लिक स्कूल, हरदिया में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपनी प्रतिभा के बल पर कैंपस चयन में सफलता प्राप्त की और गूगल जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
उच्च पैकेज और प्रतिष्ठित पद के बावजूद शुभम शुक्ला ने यहीं रुकना उचित नहीं समझा और आगे बढ़ते हुए अब ब्रिटिश संसद की साइबर सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों को निभाने जा रहे हैं। शुभम अपनी इन उपलब्धियों को जीवन का एक पड़ाव मानते हैं और निरंतर आगे बढ़ने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। शुभम शुक्ला को बधाई देने वालों में उनके पिता रामभवन शुक्ल, पूर्व विधायक रामजियावन, अंबिका सिंह, अनूप पाण्डेय, वीरेन्द्र प्रताप नारायण पाण्डेय, ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ‘ज्ञानू’, विश्वनाथ चौधरी, शीतला शुक्ल, लक्ष्मी देवी, कन्हैया सिंह, मो. रफीक खां, मलू पाण्डेय, अवधेश सिंह, गिरजेश पाल, अतीउल्लाह सिद्दीकी, शौकत अली ‘नन्हू’, कुंवर जितेन्द्र सिंह, अमित प्रताप सिंह, सुरेन्द्र मिश्रा, रंजना सिंह, शकुन्तला देवी, सोनी मिश्रा, देवी प्रसाद पाण्डेय, घनश्याम शुक्ल, राणा सिंह सहित अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








Hits Today : 79
Who's Online : 8