संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले के आयुक्त सभागार में बुधवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि शासन की मंशा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने की है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समिति की गाइडलाइन के अनुरूप जनहित में कार्य करें।
बैठक में परियोजना निदेशक, एनएचआई ने बताया कि मुख्यालय स्तर से ओवरस्पीड कैमरे लगाए जाने की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसे फरवरी 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। एटीएमएस/कैमरा इंस्टॉलेशन का कार्य संबंधित संवेदक द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है तथा आवश्यक उपकरणों की खरीद प्रक्रिया जारी है। मंडलायुक्त के निर्देश पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सांकेतिक बोर्ड भी स्थापित कराए गए हैं। यातायात निरीक्षक अवधेश तिवारी ने बताया कि बड़ेवन क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने और हाईमास्ट लाइट के निष्क्रिय होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर एनएचआई के निदेशक ने शीघ्र प्रकाश व्यवस्था सुचारु कराने का आश्वासन दिया। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि वाहनों की फिटनेस, लाइसेंस की वैधता और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है
जनपद में गुड सेमेरिटन के रूप में कार्यरत प्रमोद ओझा ने छावनी के पास रामरेखा पुल की टूटी रेलिंग को दुर्घटना का कारण बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की। उन्होंने बताया कि एनएचआई के पास दुर्घटना की स्थिति में उपयोग हेतु वाहन उपलब्ध है, लेकिन गैस कटर सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की कमी है, जिससे आपात स्थिति में राहत कार्य प्रभावित हो सकता है। बैठक का संचालन आरटीओ प्रवर्तन बस्ती मंडल सुरेश कुमार मौर्य ने किया। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी बस्ती डॉ. राजीव निगम, मुख्य चिकित्साधिकारी संतकबीरनगर, आरटीओ फरीउद्दीन, सहायक शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ल, सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी सहित संबंधित मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे
।








Hits Today : 800
Who's Online : 10