संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने रुधौली तहसील में तैनात एक राजस्व लेखपाल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बुधवार को योजनाबद्ध ट्रैप के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, रुधौली थाना क्षेत्र के ग्राम दुदराक्ष निवासी शिकायतकर्ता बिहारी लाल ने 17 फरवरी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बस्ती इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित लेखपाल राजस्व संबंधी कार्य निपटाने के एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद संगठन की टीम ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत बुधवार को टीम ने दो स्वतंत्र लोकसेवक साक्षियों की मौजूदगी में राजस्व लेखपाल प्रेम पाल सिंह (पुत्र पहुंची लाल), निवासी ग्राम आलई, पोस्ट धनवां, थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा, वर्तमान तैनाती तहसील रुधौली, जनपद बस्ती को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना वाल्टरगंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।








Hits Today : 800
Who's Online : 10