संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के पाकरवाड़ स्थित “गूगल वर्ल्ड मोबाइल” दुकान में हुई करीब 20 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि मामले में 77 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, पांच साड़ियां और नकदी बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है।
पुलिस ने तेनुआ मोड़ के पास से अभिषेक निगम (21) निवासी तिसाह, थाना कलवारी, प्रशांत पाल (20) निवासी तेनुआ, थाना लालगंज तथा एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 56 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (आईफोन, वीवो, ओप्पो, आईक्यू सहित), 21 कीपैड मोबाइल, एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, पांच साड़ियां तथा 1,150 रुपये नकद बरामद किए गए।
घटना 24 फरवरी की रात की है, जब अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले दिन दुकान की रेकी की थी। रात में रॉड से शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे, सीसीटीवी के तार काट दिए और डीवीआर भी साथ ले गए, जिसे बाद में कुआनो नदी में फेंक दिया। चोरी किए गए मोबाइल फोन गेहूं के खेत में छिपाकर रखे गए थे। आरोपी उन्हें गोरखपुर में बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








Hits Today : 867
Who's Online : 8