बस्ती उप्र बस्ती जिले में आर.पी. साइंस एकेडमी, भुवनपुर बक्सर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हो गई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. वी.के. वर्मा तथा विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत नगर बाजार की अध्यक्ष राना नीलम सिंह और प्रभाकर रंजन ओझा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया। आयोजक विद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुधीर कुमार पाण्डेय और प्रधानाचार्य अविनाश प्रजापति ने अतिथियों का बैज अलंकरण, माल्यार्पण और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि डॉ. वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि बच्चे अपनी रुचि के अनुसार कार्यक्षेत्र चुनें तो वे जीवन में निश्चित रूप से आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों की स्वाभाविक रुचि को समझते हुए उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
प्रतियोगिता के सब जूनियर बालक वर्ग में दुबौलिया की टीम प्रथम, जेआरसी हडही द्वितीय तथा कंपोजिट विद्यालय नवली और निपनिया की टीम संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही। सीनियर बालक वर्ग में जेआरसी हडही प्रथम, दुबौलिया द्वितीय तथा डीआरसी हसीनाबाद और नवली की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालिका वर्ग में कंपोजिट विद्यालय निपनिया प्रथम, डीआरसी हसीनाबाद द्वितीय तथा बीआरएस गढ़हा और आरपी साइंस एकेडमी की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में पीएस स्पोर्ट्स प्रथम, जीआरसी हडही द्वितीय तथा हाजी मोहम्मद अमीन इंटर कॉलेज हरैया और साइंस एकेडमी की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
बस्ती खो-खो एसोसिएशन के सचिव राम सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका युवराज सिंह, निश्चय सिंह, अमीषा वर्म्मा, आर्तिका मिश्रा, वीरेंद्र कुमार, विनय श्रीवास्तव, विपिन वर्मा और संतोष कुमार सिंह ने निभाई। इस अवसर पर राना दिनेश प्रताप सिंह, मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव, जिला व्यायाम शिक्षक भूपेश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







Hits Today : 1174
Who's Online : 10