*एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद कंचन वर्मा ने किया*
*उत्तर प्रदेश में जनगणना 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा*
*लखनऊ, 28 मार्च।* राजधानी में आगामी जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण व मकानों की गणना कार्य के लिए जनगणना कार्य निदेशालय में एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद कंचन वर्मा तथा निदेशक जनगणना शीतल वर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त राजस्व परिषद कंचन वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनगणना 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक की जायेगी। जनगणना के आँकड़े देश के विकास की दिशा को तय करते हैं। जनगणना को जन-जन की भागीदारी से जोडा जाये तथा इसे जन-अभियान बनाया जाये ताकि जनगणना के सही आंकड़े प्राप्त हो सकें। जनगणना कार्य में यदि कोई विसंगति पायी गयी या कोई किसी कार्य को बाधित करता है तो जनगणना अधिनियम के अंतर्गत सजा का पात्र होता है। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल रूप में संपादित की जाएगी। सभी डेटा संग्रहण, प्रविष्टि, सत्यापन एवं निगरानी कार्य डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म्स के माध्यम से किए जाएंगे। कंचन वर्मा ने समस्त जनपदों को जनगणना कार्य में सहयोग करने एवं सफल बनाने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर निदेशक शीतल वर्मा ने जनगणना के समृद्ध इतिहास एवं प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना के कार्य में अनेक अवरोध आएंगे परन्तु जिला जनगणना अधिकारी के रूप में अपर जिलाधिकारी को देश के विकास में अपनी भूमिका के महत्व को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न करना चाहिए। उत्तर प्रदेश राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रदेश से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को इस कार्य हेतु नामित किया गया है । जनगणना का कार्य केन्द्र एवं राज्य सरकार के सामूहिक प्रयास से सम्पन्न किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य में लगभग 5.5 लाख प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जनगणना 2027 कार्य हेतु लगाए जाएंगे जोकि राज्य प्रशासन की देखरेख में अपना कार्य पूर्ण करेंगे। आगामी जनगणना में आम जनता के लिए स्व-गणना का प्रावधान किया गया है। उत्तर प्रदेश में स्वगणना पोर्टल 7 मई से 21 मई, 2026 तक उपलब्ध रहेगा , जिस पर कोई भी अपने परिवार अपनी जानकारी भर सकेगा।
इससे पूर्व जनगणना 2027 की प्रक्रिया, समय-सीमा एवं डिजिटल रूपांतरण से संबंधित एक संक्षिप्त प्रस्तुति दी गई, जिसमें राज्य की तैयारी और प्रस्तावित कार्ययोजना प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जनपदों मे जनगणना कार्य के प्रगति की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम में समस्त जनपदों के अपर जिला अधिकारी एवं निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









Hits Today : 2313
Who's Online : 6