संवाददाता ( पंकज सिंह)
उप्र बस्ती जिले में घर लौट रही महिला पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर महिला की शिकायत वायरल होने के बाद सोनहा पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाए जाने पर दोनों ने अपने कृत्य के लिए माफी भी मांगी। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया है। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच कराई गई। जांच में पता चला कि 31 मई को दोपहर करीब तीन बजे सोनहा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला भानपुर से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पुलिस ने जांच और सत्यापन के बाद आरोपियों की पहचान उजेर अहमद और तबरेज निवासी मिश्रौलिया, थाना सोनहा के रूप में की। महिला ने घटना की शिकायत सोशल मीडिया के माध्यम से की थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष महेश सिंह, उपनिरीक्षक इंद्रजीत तिवारी, हेड कांस्टेबल रामललित यादव और कांस्टेबल मनोज यादव शामिल रहे।








Hits Today : 2108
Who's Online : 10