बेस से स्पेस” अभियान के जरिए बस्ती अग्रणी जिले के रूप में होगा स्थापित
उप्र बस्ती जिले के समग्र विकास और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पटेल चौक स्थित एक होटल के सभागार में पहल संस्था की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई। संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने कहा कि बस्ती अपनी सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही है। राम जी का सोहर गाकर जिले की महिलाओं द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराना पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि बस्ती को शिक्षा, रोजगार, खेल, तकनीक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी गांवों को डिजिटल बनाने की पहल शुरू की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को तकनीकी सुविधाओं का लाभ मिल सके और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हों।
मनीष मिश्रा ने बताया कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के लिए प्रत्येक गांव में क्रिकेट टीम का गठन किया जाएगा। अगले माह सभी टीमों को क्रिकेट किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही जिले की प्रगति की आधारशिला है। इसी सोच के साथ बस्ती को “बेस से स्पेस” तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की सकारात्मक सोच, ऊर्जा और रचनात्मक भागीदारी से ही बस्ती विकास के नए आयाम स्थापित कर सकती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
प्रेसवार्ता में वक्ताओं ने कहा कि बस्ती को प्रदेश और देश के अग्रणी जिलों में शामिल करने के लिए युवाओं को नेतृत्व की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने युवा साथियों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता के बल पर जिले में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय मिश्रा, जीडी मिश्रा, विमल पांडेय, अमित चतुर्वेदी, अमित शर्मा, हर्ष द्विवेदी, अनुज सोनी, संध्या दीक्षित, आकाश जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे









Hits Today : 2176
Who's Online : 8