अटल आवासीय विद्यालय बस्ती के प्रधानाचार्य का अनुबंध समाप्त, जांच रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
बस्ती। हर्रैया क्षेत्र स्थित अटल आवासीय विद्यालय, बसेवाराय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार त्यागी का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है। महानिदेशक अटल आवासीय विद्यालय पूजा अग्रवाल ने जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। आदेश के बाद प्रधानाचार्य ने विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी को कार्यभार सौंपते हुए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी उपलब्ध करा दिया है। वहीं, हटाए गए प्रधानाचार्य ने कार्रवाई को गलत बताते हुए उप श्रमायुक्त बस्ती पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महानिदेशक की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री को एक जुलाई को संतकबीरनगर भ्रमण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने प्रधानाचार्य के अभद्र व्यवहार, प्रशासनिक शिथिलता तथा विद्यालय में अनुशासनहीनता की शिकायत की थी। मंत्री के निर्देश पर मंडल के तीनों जिलों के अधिकारियों को शामिल करते हुए चार सदस्यीय संयुक्त जांच समिति गठित की गई, जिसकी अध्यक्षता उप श्रमायुक्त बस्ती मंडल ने की।
जांच समिति ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों, फैसिलिटी मैनेजमेंट और मेस कर्मियों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की। समिति की रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने पर प्रधानाचार्य का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया।
उधर, पूर्व प्रधानाचार्य सुशील कुमार त्यागी ने कार्रवाई को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कहा कि वह नवोदय विद्यालय समिति से उपायुक्त पद से सेवानिवृत्त हैं और 35 वर्षों तक विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उनका आरोप है कि उप श्रमायुक्त बस्ती पिछले दो माह से कक्षा छह में एक अभ्यर्थी का नियम विरुद्ध प्रवेश कराने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने मेरिट सूची से बाहर होने के कारण प्रवेश देने से इनकार कर दिया।
त्यागी का कहना है कि इसी के बाद उनके विरुद्ध तथ्यहीन और मनगढ़ंत आरोप लगाकर अनुबंध समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ शिक्षाविद् होने के नाते इस प्रकार की कार्रवाई से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के दावों के बीच चर्चा तेज है।








Hits Today : 1674
Who's Online : 12