बस्ती। पहल संस्थान के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी मनीष मिश्रा के लखनऊ स्थित आवास पर आयोजित श्री शतचंडी महायज्ञ में बस्ती जिले से पहुंची बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित पूजा-अर्चना और हवन में महिलाओं ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की कामना करते हुए आहुति दी।
महायज्ञ के दौरान मनीष मिश्रा ने बस्ती से पहुंचीं महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अपनी बहनों से मिलकर ऐसा महसूस हुआ, मानो पूरा बस्ती परिवार लखनऊ पहुंच गया हो। उन्होंने कहा कि बस्ती की माताओं और बहनों का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि उनका जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित है और वह हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़े रहने का प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “मैं बस्ती की हर बहन से एक बार फिर वादा करता हूं कि अंतिम सांस तक आपका यह भाई हर सुख-दुख में चट्टान बनकर आपके साथ खड़ा रहेगा।”
महायज्ञ के सभी धार्मिक अनुष्ठान वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुए। महिलाओं ने हवन में आहुति देकर अपने परिवार, समाज और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने मनीष मिश्रा के आत्मीय व्यवहार और सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
महायज्ञ का समापन पूर्णाहुति, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







Hits Today : 1685
Who's Online : 12