संवाददाता (पंकज सिंह )
बस्ती। वाल्टरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष रहे स्व. सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग गैंग से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में बस्ती मंडल के डlडीआईजी संजीव त्यागी और एसपी डॉक्टर यशवीर सिंह ने मामले को खुलासा करते हुए बताया कि 29 अगस्त को सूर्य प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उनके पुत्र संदीप सिंह की तहरीर पर पांच सितंबर को कोतवाली बस्ती में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमे में बीएनएस की धारा 108 व 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने रविवार सुबह करीब 7:55 बजे सदर अस्पताल के सामने से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रियंका चौधरी पत्नी महेंद्र चौधरी निवासी बावनपार, थाना पैकोलिया, हाल निवासी गंधार, थाना वाल्टरगंज, रामनयन चौधरी पुत्र गजराज चौधरी निवासी गंधार और विजय प्रकाश पुत्र मधुबन चौधरी निवासी पिपरा काजी, थाना पैकोलिया शामिल हैं। बताया कि
वीडियो-ऑडियो बनाकर करते थे ब्लैकमेल
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी प्रियंका चौधरी मुंबई में ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटर में काम करती थी। आरोप है कि वह आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके वीडियो और ऑडियो तैयार करती थी। इसके बाद ब्लैकमेल कर रुपये वसूले जाते थे। पुलिस के मुताबिक, प्रियंका के पिता रामनयन चौधरी और साथी विजय प्रकाश इस काम में उसका सहयोग करते थे।
जांच में अब तक चार लोगों को हनीट्रैप में फंसाकर रुपये वसूलने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, डॉ. उमेश से चार लाख, अहमद रजा से पांच लाख और आर्यन दीक्षित उर्फ जितेंद्र दीक्षित से करीब 15 लाख रुपये वसूलने का आरोप है। पुलिस दर्जनों अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच कर रही है।
सूर्य प्रकाश से भी था आरोपियों का संपर्क
पुलिस के मुताबिक इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और कॉल डिटेल के विश्लेषण में सूर्य प्रकाश सिंह का भी प्रियंका चौधरी और विजय प्रकाश से संपर्क सामने आया है। जांच में 29 अगस्त को दोपहर 1:41 बजे विजय प्रकाश द्वारा सूर्य प्रकाश सिंह को अंतिम कॉल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि लगातार प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सूर्य प्रकाश सिंह ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पुलिस ने यह भी दावा किया है कि करीब दो वर्ष पहले हनीट्रैप से अर्जित रकम से प्रियंका ने बोलेरो खरीदी थी। पुलिस ने वाहन संख्या UP51 BN 5805 को बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, उपनिरीक्षक जयविंद सिंह, सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव, हेड कांस्टेबल देवेश, कांस्टेबल किशन सिंह, संतोष कुमार, स्कंद यादव और राकेश यादव शामिल रहे।








Hits Today : 3178
Who's Online : 5