उप्र सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुल्हा सुमाली में 5.46 लाख रुपये के गबन के आरोप में ग्राम विकास अधिकारी एवं सचिव केशभान यादव पर कार्रवाई की तैयारी है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने जिला विकास अधिकारी को उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक अनुशासन एवं अपील नियमावली, 1999 के तहत अनुशासनिक कार्रवाई करने को कहा है।
डीएम ने डीडीओ को भेजे पत्र में कहा है कि ग्राम पंचायत दुल्हा सुमाली में ककरहवा हाट बाजार की दाल मंडी में पंचम राज्य वित्त आयोग की धनराशि से इंटरलॉकिंग कार्य के नाम पर बिना जिलाधिकारी की स्वीकृति के 4,88,542 रुपये सामग्री मद और 57,600 रुपये श्रमांश में खर्च किए गए। जांच में मौके पर कोई कार्य कराया जाना नहीं पाया गया। इस तरह कुल 5,46,142 रुपये के गबन का प्रथमदृष्टया मामला सामने आया है।
डीएम के अनुसार, जिस परियोजना के नाम पर यह धनराशि खर्च दिखाई गई, उस स्थान पर वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनरेगा योजना से पहले ही कार्य कराया जा चुका था। इसके बावजूद सक्षम स्तर से कार्ययोजना स्वीकृत कराए बिना और मौके पर कोई कार्य कराए बगैर धनराशि खर्च की गई।
डीएम ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डीडीओ से ग्राम विकास अधिकारी एवं सचिव केशभान यादव को निलंबित कर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने और इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।









Hits Today : 1408
Who's Online : 7