गांधीनगर की ओर वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, चार स्थानों पर होगी पार्किंग
उप्र बस्ती जिले में दशहरा के साथ शहर में दुर्गापूजा मेले की रौनक बढ़ने और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। ज्योति यात्रा और मेले के दौरान भीड़ नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जीआईसी परिसर से कंपनीबाग तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र को पैदल जोन बनाया जाएगा। 21 अक्तूबर से दोपहर बाद शहर के मुख्य हिस्से में गांधीनगर की ओर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, जरूरत के अनुसार दिन में छोटे वाहनों को छूट दी जा सकती है।
शाम पांच बजे के बाद वाहनों की नो एंट्री
यातायात व्यवस्था के तहत शाम पांच बजे के बाद कंपनीबाग और रोडवेज तिराहे से गांधीनगर की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को मालवीय मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जीआईसी गेट और कंपनीबाग के सामने बैरिकेडिंग कर यातायात पुलिस की पिकेट तैनात की जाएगी। गांधीनगर के संपर्क मार्गों पर भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे, ताकि वाहन मेला क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें।
अस्पताल चौराहे से दक्षिण दरवाजा की ओर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। शहर में आने-जाने वाले वाहनों को कटरा से मालवीय मार्ग, सिविल लाइन मार्ग, पचपेड़िया मार्ग और रोडवेज से रेलवे स्टेशन मार्ग की ओर भेजा जाएगा। रोडवेज बसों का संचालन मालवीय मार्ग से पहले की तरह जारी रहेगा।
पुरानी बस्ती में दक्षिण दरवाजा से मंगल बाजार मार्ग पर भी बैरिकेडिंग की तैयारी है। भीड़ बढ़ने पर इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। दक्षिण दरवाजा और करुआ बाबा चौराहे से मंगल बाजार की ओर वाहनों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को कुछ परेशानी हो सकती है।
चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
ग्रामीण क्षेत्रों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। इसके लिए चार स्थान चिह्नित किए गए हैं।
- जीआईसी परिसर: रोडवेज की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग होगी।
- केडीसी परिसर: बस्ती-महुली, बस्ती-कलवारी और बस्ती-हर्रैया मार्ग से आने वाले वाहनों को खड़ा कराया जाएगा।
- एपीएन कॉलेज परिसर: बस्ती-बांसी और बस्ती-डुमरियागंज मार्ग से आने वाले चारपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
- श्रीकृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज परिसर: पचपेड़िया और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को खड़ा कराया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को खड़ा कराने से मेला क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी। श्रद्धालु वाहन पार्किंग में खड़ा कर पैदल मेले तक पहुंच सकेंगे।
विसर्जन जुलूस में डीजे पर रहेगी नजर
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। एएसपी श्यामकांत ने बताया कि आयोजकों और डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन कर तेज आवाज में डीजे बजाने या अव्यवस्था फैलाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर डीजे जब्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
सभी विसर्जन जुलूसों की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जुलूस के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।







Hits Today : 6648
Who's Online : 12